Top News

राजभवन मार्च में तेजस्वी पर वाटर कैनन, हिरासत में लिए गए; पटना में राजनीतिक घमासान


बिहार की राजनीति में बुधवार को उस वक्त भारी उबाल आ गया, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकाले गए राजद के राजभवन मार्च को पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे पर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसी दौरान तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

हाथ में तिरंगा लेकर राजभवन की ओर बढ़ रहे तेजस्वी यादव के साथ सांसद मीसा भारती और राज्यसभा सांसद संजय यादव भी मौजूद थे। जैसे ही मार्च इनकम टैक्स चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पास जमा हो गए।

तेजस्वी यादव के मौके पर पहुंचते ही प्रदर्शन और तेज हो गया। पुलिस ने उन्हें तथा उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए वाटर कैनन से पानी की तेज बौछार की। इसके बावजूद कई राजद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर बैठ गए, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं के बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की भी बात सामने आई।

हालात को देखते हुए पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। तेजस्वी यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद राजद कार्यकर्ताओं में और आक्रोश देखा गया और पटना की सड़कों पर राजनीतिक माहौल गरमा गया।

राजद के राजभवन मार्च में राज्यसभा सांसद मनोज झा भी शामिल हुए। पुलिस की भारी तैनाती पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “पैलेट गन, कील वाली लाठी नहीं है तो मजा नहीं आएगा।” उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य बेहतर और ईमानदार शिक्षा व्यवस्था के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने की मांग उठाना है।

वहीं, राजद के एमएलसी सुनील सिंह ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर AK-47 चलाने से जुड़े मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि AK-47 चलाने वाले अधिकारी को सिर्फ ट्रांसफर नहीं, बल्कि सस्पेंड किया जाना चाहिए।

इधर, पटना सिटी एसपी ममता कल्याणी ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की नजर पूरे इलाके पर बनी हुई है और स्थिति के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

तेजस्वी यादव की हिरासत और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद राजभवन मार्च अब बिहार की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है। राजद जहां इसे छात्र-युवा और शिक्षा-रोजगार के सवालों से जोड़कर सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन बता रहा है, वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।हिरासत के बाद तेजस्वी का बड़ा ऐलान: गोली चलाएं या जेल भेजें, हम रुकने वाले नहीं

राजभवन मार्च के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा, “हमलोग अब रुकने वाले नहीं हैं। चाहे गोली चलाएं या जेल भेज दें, हम डरने वाले नहीं हैं।”

तेजस्वी यादव ने भगवान श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए कहा कि “हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म ही जेल में हुआ था। हम लोग जेल और सरकार की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं।”

उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के अधिकार, बेरोजगारी, पेपर से जुड़े मुद्दों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। तेजस्वी ने कहा कि छात्रों के साथ हो रहे अन्याय और उनके अधिकारों की लड़ाई को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

राजभवन मार्च के दौरान वाटर कैनन के इस्तेमाल और हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव के इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। उन्होंने साफ कहा कि सरकार चाहे जितनी भी कार्रवाई कर ले, छात्रों, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post