:
बहादुरगंज पुलिस ने अवैध रूप से ओवरलोड बालू के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-327ई स्थित एलआरपी चौक के समीप से बालू लदे 09 ओवरलोड ट्रकों को जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद खनन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद विभागीय टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज-बहादुरगंज मुख्य मार्ग (एनएच-327ई) पर एलआरपी चौक के पास ओवरलोड बालू लदे नौ ट्रक खड़े हैं। सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को देखकर कुछ ट्रक चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों से बालू सड़क पर गिरा दिया, जिससे मुख्य मार्ग बाधित हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर की मदद से सड़क पर फैले बालू को हटवाया और यातायात सामान्य कराया।
फिलहाल जब्त सभी वाहनों के विरुद्ध खनन विभाग नियमानुसार जुर्माना लगाने तथा प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रहा है।
Post a Comment