चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को शहर सहित पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से जिले के 245 चिन्हित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के 60 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात रहे। अति संवेदनशील स्थलों पर एहतियात के तौर पर सोमवार शाम से ही मजिस्ट्रेट और पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई थी। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने तथा पल-पल की जानकारी जुटाने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में पालीवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार अपने अधीनस्थ अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर आर.बी. राय तथा किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पर्व के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी करती रही।
प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और आम लोगों के सहयोग से जिलेभर में चेहल्लुम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।
Post a Comment