Top News

बैंक में 'नोट बदलने' का झांसा, 9 हजार लेकर फरार युवक 3 दिन बाद पकड़ाया



बैंक से रुपये निकालने गई एक महिला से 9 हजार रुपये की छिनतई करने के मामले में टाउन थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पुराना खगड़ा पश्चिम बस्ती निवासी पीड़िता शाहेरून निशा की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानीबाग निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद जकरिया अहमद, पिता मुख्तार अहमद, के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को शाहेरून निशा अस्पताल रोड स्थित एक बैंक में अपने खाते से 35 हजार रुपये निकालने गई थीं। निकासी के दौरान उन्हें 500 रुपये के एक नोट पर कलम से कुछ लिखा हुआ दिखाई दिया। इस पर पास खड़े युवक ने उन्हें नोट बदलवाने के लिए बैंक काउंटर पर जाने की सलाह दी। महिला जैसे ही नोट बदलवाने काउंटर पर गई, आरोपी ने उनके रुपये में से चुपके से 9 हजार रुपये निकाल लिए और बाकी रकम वापस कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच 3 अगस्त को डे मार्केट सब्जी मंडी जाते समय उनकी नजर आरोपी पर पड़ गई। महिला ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह नशे की लत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post