Top News

मुरलीगंज में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे को दी सलामी


मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। लोगों ने तिरंगे को सलामी देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रमुख अब्दुल जब्बार, नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद सर्जना सिद्धि, केपी महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार झा, थाना परिसर में थानाध्यक्ष नूरूल हक तथा रामपुर पंचायत भवन में मुखिया आशुतोष कुमार ने ध्वजारोहण किया। वहीं जोरगामा पंचायत भवन में मुखिया जितेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन साह, रजनी पंचायत भवन में मुखिया अनिता कुमारी, गंगापुर पंचायत भवन में मुखिया प्रियंका कुमारी, बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में डॉ. मानव कुमार सिंह और चिल्ड्रेन फ्यूचर एकेडमी में रंजीत कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इसके अलावा प्रखंड क्षेत्र के लगभग सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य संस्थानों में भी निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन किया गया। ध्वजारोहण के बाद विभिन्न संस्थानों में राष्ट्रगान, देशभक्ति कार्यक्रम और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास में सभी से योगदान देने का आह्वान किया। धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूरे क्षेत्र में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रहा। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post