Top News

ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की नई मिसाल बना सागर पब्लिक स्कूल, विधायक ने की जमकर प्रशंसा


कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत काजीटोला स्थित सागर पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त के अवसर पर भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बारसोई-बलरामपुर की विधायक संगीता देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया और बच्चों के अनुशासन, प्रतिभा एवं शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की ओर से विधायक संगीता देवी को सम्मानित किया गया। बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति देखकर विधायक ने प्रसन्नता व्यक्त की।

विधायक संगीता देवी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए कटिहार, पटना, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन आज काजीटोला जैसे ग्रामीण क्षेत्र में सागर पब्लिक स्कूल का होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। सुदूर ग्रामीण इलाके में इस स्तर के विद्यालय का संचालन होना किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है।

उन्होंने विद्यालय के डायरेक्टर अनजार आलम और प्रिंसिपल सनाउर मुस्तफा के प्रयासों की भी सराहना की। विधायक ने कहा कि दोनों की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है कि विद्यालय के बच्चे अनुशासित होने के साथ-साथ पढ़ाई के प्रति भी गंभीर नजर आ रहे हैं।

समारोह में एमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बलरामपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एडवोकेट आदिल हसन भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बच्चों के अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। डायरेक्टर अनजार आलम और प्रिंसिपल सनाउल मुस्तफा के प्रयासों से स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम शानदार तरीके से आयोजित किया गया।

एडवोकेट आदिल हसन ने कहा कि शिक्षा समाज की तरक्की की बुनियाद है। जब तक लोग शिक्षित नहीं होंगे, तब तक समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर लगवा पंचायत के पूर्व मुखिया शमशाद आलम, विद्यालय के डायरेक्टर अनजार आलम, प्रिंसिपल सनाउल मुस्तफा, एमआईएम के प्रखंड अध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। काजीटोला जैसे ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस समारोह में बच्चों की शानदार परेड, अनुशासन और शैक्षणिक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post