कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, गैर सरकारी संस्थानों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आन-बान-शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। झंडोत्तोलन के दौरान तिरंगे को सलामी दी गई और पूरा क्षेत्र देशभक्ति गीतों से गुंजायमान रहा।
प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रमुख दीपमाला सिंह, थाना परिसर में थानाध्यक्ष राकेश कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने झंडोत्तोलन किया। वहीं, उत्तरी मुरादपुर पंचायत के महादलित टोला में अंचल पदाधिकारी अनुपम ने तिरंगा फहराया। इस दौरान बच्चों के बीच चॉकलेट, कलम एवं कॉपी का वितरण किया गया।
नगर पंचायत कार्यालय सहित प्रखंड की सभी पंचायतों, ई-किसान भवन, रेलवे स्टेशन, भीमराव अंबेडकर पार्क, शहीद चौक, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान तथा सुतारा स्थित मेंही मिशन स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में भी धूमधाम से झंडोत्तोलन किया गया। कार्यक्रम के बाद लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया। पूरे दिन कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में उत्सव और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
Post a Comment