Top News

500 से अधिक बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा मुरलीगंज


मुरलीगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुरलीगंज झील चौक स्थित आवासीय डव जूनियर स्कूल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब 80 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गाजे-बाजे और देशभक्ति नारों के बीच निकली तिरंगा यात्रा से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

विद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा हाट बाजार, मिडिल चौक, दुर्गा स्थान चौक, पेट्रोल पंप चौक, सिनेमा हॉल, जयरामपुर चौक, हरिद्वार चौक, गोल बाजार और गुदरी हाट होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे बच्चों के उत्साह को देखकर रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी उनका हौसला बढ़ाया। कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

मिडिल चौक पर गोकुल पुस्तक भंडार के प्रोपराइटर की ओर से बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई। वहीं बबलू मार्केट एवं हरिद्वार चौक के समीप स्थानीय लोगों ने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा।

विद्यालय के डायरेक्टर रोहन मिश्रा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करीब 80 फीट लंबे तिरंगे के साथ यह यात्रा आयोजित की गई, जिसमें 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र के बच्चों की इतनी बड़ी संख्या में सहभागिता वाला यह आयोजन संभवतः क्षेत्र में पहला ऐसा आयोजन है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों, नगर प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया।

तिरंगा यात्रा के दौरान मुरलीगंज पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर प्रशासन की ओर से यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए।

यात्रा के बाद विद्यालय परिसर में प्राचार्य राहुल मिश्रा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, गायन-वादन, नृत्य एवं भाषण की प्रस्तुति दी। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह यादगार बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post