शहर के सम्राट अशोक भवन, खगड़ा में शनिवार को नगर परिषद द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान एवं उपाध्यक्ष निखत प्रवीण ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण के दौरान नगर परिषद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को नए नियमों के तहत स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, गीले, सूखे, सैनिटरी एवं विशेष श्रेणी के कचरे के अलग-अलग संग्रह और निस्तारण, स्वच्छता में जनभागीदारी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि नए नियमों के प्रभावी पालन से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। भारत सरकार के ठोस एवं तरल अपशिष्ट विशेषज्ञ डॉ. पी.के. झा ने नियमावली-2026 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने आम लोगों से स्वच्छता नियमों का पालन करने और नगर परिषद का सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, वार्ड पार्षद कलीम उद्दीन, जमशेद आलम, पार्षद प्रतिनिधि सफी आलम, अनिल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment