मालोपाड़ा पंचायत में बड़ी संख्या में परिवारों को अब तक नल-जल योजना का लाभ नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इसे लेकर जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह पूर्व जिला सचिव अरविंद कुमार सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी हेम शंकर राही को आवेदन देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार पंचायत के जगदल गांव के वार्ड संख्या 12 और 14 में करीब 700 परिवार नल-जल योजना के लाभ से वंचित हैं। वहीं, गढ़महली गांव के वार्ड संख्या एक में करीब 300 परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कही गई है।
अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जगदल गांव के वार्ड 12 और 14 में नल-जल योजना का कार्य केवल एक स्थान पर कराया गया है, जबकि बड़ी संख्या में परिवार इससे बाहर हैं। योजना का लाभ नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल का जल योजना का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। ऐसे में वंचित परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने बीडीओ से संबंधित वार्डों की जांच कराकर नल-जल योजना का कार्य पूरा कराने की मांग की।
इधर, बीडीओ हेम शंकर राही ने बताया कि मामले की जानकारी ली जाएगी। संबंधित विभाग से जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment