Top News

विधायक विजय खेमका की मौजूदगी में हर घर तिरंगा अभियान की बनी रणनीति, 10 से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान



पूर्णिया विधानसभा अंतर्गत नगर एवं ग्रामीण मंडल की मासिक बैठक बेलोरी, दीवानगंज एवं मझुआ में मंडल अध्यक्षों की अध्यक्षता तथा विधायक विजय खेमका की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक सशक्तिकरण, आगामी पार्टी कार्यक्रमों तथा बूथ स्तर पर संगठन के कार्यों को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित समरसता संकल्प कलश यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत प्रदेश से जिला को प्राप्त कलश को मंडल के सभी शक्ति केंद्रों एवं प्रमुख मंदिरों तक ले जाकर फरवरी माह तक पूजा-अर्चना कराने तथा संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की योजना पर चर्चा हुई।

वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 10 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा अभियान चलाने तथा विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्रा आयोजित करने की रणनीति भी बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रभावना को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों से देशवासियों में राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत हुई है।

विधायक ने संसद में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सम्मान तथा देश की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

बैठक में सभी मंडलों के पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के संयोजक एवं प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post