पूर्णिया जिले में शहरी यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए ऑटो एवं ई-रिक्शा के निर्धारित रूट और कलर कोडिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व निर्धारित जांच अभियान के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन मालिकों एवं चालकों पर 10 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। वहीं कार्रवाई के दौरान 12 ऑटो एवं ई-रिक्शा को जब्त किया गया।
यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिया, जिला परिवहन पदाधिकारी पूर्णिया, पुलिस उपाधीक्षक यातायात पूर्णिया एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्णिया के संयुक्त नेतृत्व में की गई। जांच अभियान के दौरान निर्धारित मार्ग और कलर कोडिंग का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने ऑटो एवं ई-रिक्शा मालिकों और चालकों से स्पष्ट अपील की है कि वे अपने वाहन के लिए निर्धारित मार्ग एवं संबंधित कलर कोडिंग का चयन कर उसी रूट पर परिचालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जाएगा।
किस रंग के वाहन किस रूट पर चलेंगे?
🟢 हरा रंग — लाइन बाजार पड़ाव
हरा-A: जीरोमाइल–डगरूआ मार्ग
हरा-B: रामबाग–कसबा–जलालगढ़ मार्ग
🔵 नीला रंग — गिरजा चौक पड़ाव
नीला-A: जगेली मार्ग
नीला-B: के. नगर–काझा मार्ग
🟡 पीला रंग — कटिहार मोड़ पड़ाव
पीला-A: मझेली–सपनी मार्ग
पीला-B: रानीपतरा–रौतारा मार्ग
⚪ उजला रंग — बस स्टैंड पड़ाव
उजला: हरदा–गेराबाड़ी मार्ग
🩷 गुलाबी रंग — जीरोमाइल पड़ाव
गुलाबी-A: डगरूआ मार्ग
गुलाबी-B: कसबा–जलालगढ़ मार्ग
गुलाबी-C: बेलौरी चौक मार्ग
🔴 लाल रंग — आंतरिक शहर
लाल रंग के ऑटो एवं ई-रिक्शा का परिचालन सभी मुख्य पड़ावों को आपस में जोड़ने तथा अतिरिक्त कम दूरी वाले मार्गों पर किया जाएगा। यह व्यवस्था मुख्यतः नगर निगम क्षेत्र में लागू रहेगी।
नियम तोड़ने पर आगे भी होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलर कोडिंग और निर्धारित परिचालन मार्ग का उद्देश्य शहर में यातायात को व्यवस्थित करना, जाम की समस्या कम करना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है। इसलिए सभी वाहन मालिकों और चालकों को निर्धारित व्यवस्था का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अब निर्धारित रूट और कलर कोडिंग का उल्लंघन करने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment