:
कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गेड़ाबाड़ी बाजार हाट में नाला नहीं होने के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लगातार जलभराव से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से करीब 20 मुस्लिम परिवारों के घरों तक पानी पहुंच जाने से उनकी स्थिति काफी दयनीय हो गई है।
स्थानीय नागरिक कृष्णकांत गुप्ता एवं राजा गुप्ता की सूचना पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से समस्या की विस्तृत जानकारी ली। लोगों ने मुख्य पार्षद से जल्द स्थायी समाधान की मांग करते हुए नाला निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए सोमवार सुबह 11 बजे वार्ड पार्षद धर्मवीर चौधरी उर्फ पिंटू चौधरी, नगर पंचायत के जूनियर इंजीनियर (जेई) तथा स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी समाज के लोगों की सहमति से पानी निकासी का मार्ग तय किया जाएगा। निकास की दिशा निर्धारित होने के बाद नाला एवं सड़क निर्माण कार्य पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लेकर जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
मुख्य पार्षद की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और उम्मीद जताई कि वर्षों से चली आ रही जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान होगा।
Post a Comment