Top News

समेली प्रखंड स्थापना दिवस समारोह में बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग


समेली प्रखंड मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को 33वें प्रखंड स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड के आठ विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में सुतारा मेंही मिशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भारतीय सैनिकों को समर्पित भावपूर्ण थीम डांस प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने, विश्व शांति और मानवता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भावुक कर दिया तथा पूरे परिसर में देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

विद्यालय के बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रस्तुति से प्रभावित होकर आयोजकों ने उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

समारोह में बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, एडीएम विनोद कुमार, डीडीसी अमित कुमार, प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के निदेशक प्रभात कुमार सिंह, निर्देशिका पूनम प्रभात तथा प्राचार्य सत्यजीत सिंह ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को भी देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post