Top News

विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने गंभीर मरीज के लिए कराया रक्तदान

:



 विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने एक बार फिर मानव सेवा का परिचय देते हुए गंभीर रूप से बीमार एक बुजुर्ग महिला के उपचार के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य किया। संगठन के जिला कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार ने स्वेच्छा से एक यूनिट रक्तदान कर मरीज के इलाज में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

जानकारी के अनुसार, संगठन की महिला मोर्चा पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्णिया न्यायालय की अधिवक्ता संगीता ठाकुर को अधिवक्ता सरस्वती कुमारी से सूचना मिली कि उनकी सास कलावती देवी जीएमसीएच पूर्णिया में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने बताया कि वे यूटेरस कैंसर, गॉल ब्लैडर में पथरी, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं और तत्काल एक यूनिट रक्त की आवश्यकता है।

सूचना मिलते ही संगीता ठाकुर ने इसकी जानकारी विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को दी। उन्होंने तत्काल संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को रक्त की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके बाद संगठन के जिला कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार ने आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे मरीज के उपचार में समय पर सहायता मिल सकी।

जीएमसीएच पूर्णिया ब्लड बैंक में मौजूद अधिवक्ता सरस्वती कुमारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, रक्तदाता राजकुमार तथा संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरत की घड़ी में संगठन द्वारा दिखाई गई तत्परता समाज के लिए प्रेरणादायक है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानता है और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना संगठन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में जब भी किसी मरीज को रक्त या अन्य सहायता की आवश्यकता हुई है, संगठन ने हमेशा आगे बढ़कर सहयोग किया है।

नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में संगठन सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय है और सभी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए समर्पित हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश सिंह, अनिकेत कुमार, महिला मोर्चा नगर मंत्री काजल गुप्ता एवं महिला मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य संगीता ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदाता राजकुमार के इस मानवीय कार्य की सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post