Top News

टूटे बिजली तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, गांव में मातम


 मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा पंचायत के वार्ड संख्या-3 में शुक्रवार सुबह बिजली के टूटे हुए तार की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान जोरगामा वार्ड-3 निवासी किन्नू ऋषिदेव (55) के रूप में हुई है। परिजन मंतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे किन्नू ऋषिदेव घर के समीप खेत में शौच के लिए गए थे। इसी दौरान बिजली का तार पोल से टूटकर खेत में गिरा हुआ था। घास और कम रोशनी के कारण उन्हें तार दिखाई नहीं दिया और वे नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुरलीगंज ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर एवं टूटे हुए बिजली तारों की नियमित जांच कराने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post