Top News

हादसों का हॉटस्पॉट बना कुशीदा रोड, ग्रामीणप बोले- अब और नहीं चाहिए लापरवाही

जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत बेलवा पंचायत के कुशीदा रोड की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क के संकरे और जर्जर होने से इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने सड़क के शीघ्र चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग उठाई है।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्वालटोली चौक से लेकर कुशीदा तक सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क सिंगल लेन होने के कारण जब इस मार्ग से 16 चक्का ट्रक या अन्य भारी वाहन गुजरते हैं तो लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में सामने से आने वाले छोटे वाहनों को सड़क छोड़कर कीचड़ और नीचे उतरकर निकलना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क बिहार को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। कुशीदा से आगे यह सड़क मालदा की ओर जाती है, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे और भारी वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद वर्षों से सड़क का न तो चौड़ीकरण हुआ और न ही समुचित मरम्मत, जिससे लोगों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर टोटो पलटने, मोटरसाइकिलों की भिड़ंत और ट्रकों के दुर्घटनाग्रस्त होने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उनका दावा है कि पहले भी कई लोग इस सड़क पर अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की है कि कुशीदा रोड का जल्द चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post