Top News

किराना दुकान में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चार नकाबपोश बदमाश


मुरलीगंज बाजार स्थित बैंगा पुल के समीप मुख्य सड़क किनारे एक किराना दुकान में सोमवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। नकाबपोश बदमाश शटर और ताला तोड़कर दुकान में घुसे तथा 25 हजार रुपये नकद समेत एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान चोरी कर फरार हो गए।

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चार बदमाश चोरी करते नजर आ रहे हैं, जिनमें एक के हाथ में हथियार भी दिखाई दे रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया।

दुकानदार श्याम कुमार साह ने बताया कि मंगलवार सुबह दुकान पहुंचने पर शटर और ताला टूटा मिला। जांच में नकदी सहित कई कीमती सामान गायब पाए गए। उन्होंने बताया कि दुकान की ऊपरी मंजिल पर होटल के कुछ कर्मचारी सो रहे थे। रात में आवाज सुनकर नीचे देखने पर बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें डरा दिया, जिससे वे विरोध नहीं कर सके।

घटना के बाद दुकानदार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इधर, बाजार में लगातार हो रही चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है। मंगलवार को चैम्बर ऑफ कॉमर्स के शिष्टमंडल ने थानाध्यक्ष से मिलकर पुलिस गश्त बढ़ाने और चौकीदारों की तैनाती की मांग की।

थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आवेदन प्राप्त हो गया है तथा बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चौकीदारों की तैनाती का आश्वासन दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post