छपरा/एकमा:कहते हैं कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। इस कहावत को सारण (छपरा) जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत परसागढ़ गांव निवासी नीरज कुमार कुशवाहा ने सच साबित कर दिखाया है। उन्होंने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में 345वीं रैंक प्राप्त कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है।नीरज कुमार कुशवाहा, किसान शिव कुमार कुशवाहा के पुत्र हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने संघर्ष और मेहनत के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी माता गृहिणी हैं। नीरज की सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया।उनकी सफलता की यात्रा प्रेरणादायक रही है
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में की। इसके बाद पंचायत सचिव के पद पर कार्य किया और फिर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) में स्टेशन निरीक्षक के पद पर सेवा दी। नौकरी की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और निरंतर अध्ययन करते हुए बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बनने का गौरव हासिल किया।नीरज की इस उपलब्धि से परसागढ़ गांव सहित पूरे एकमा प्रखंड में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।


🎉🥳
ReplyDeletePost a Comment