रोते बिलखते परिजन।
कोढ़ा /सिटी हलचल न्यूज़/संवाददाता
कटिहार : कोढ़ा प्रखंड की फुलवरिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 नवाबगंज निवासी एवं एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत रूपेश कुमार (26 वर्ष) का बीमारी के दौरान इलाज के क्रम में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों के अनुसार रूपेश कुमार पिछले कई वर्षों से पूर्णिया जिले के रुपौली में रहकर एक निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। इसी दौरान वे गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए। इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।रूपेश कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी प्रियंका देवी और चार छोटे-छोटे बच्चों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार में बड़ी बेटी खुशी कुमारी (11 वर्ष), छोटी बेटी मीठी कुमारी (7 वर्ष), पुत्र बाबी कुमार (9 वर्ष) तथा सबसे छोटा पुत्र अभिमन्यु कुमार (4 वर्ष) हैं। पिता के निधन से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, पालन-पोषण और भविष्य को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है।मौत की खबर मिलते ही नवाबगंज गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। पत्नी प्रियंका देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।ग्रामीणों ने बताया कि रूपेश कुमार बेहद शांत, मिलनसार और ईमानदार स्वभाव के युवक थे। बेरोजगारी के दौर में उन्होंने निजी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में नौकरी प्राप्त की और पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।उनके असामयिक निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे फुलवरिया पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रशासन एवं समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।

Post a Comment