योगाभ्यास करते शिक्षक
कोढ़ा/सिटी हलचल न्यूज़ संवाददाता
कटिहार :12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोढ़ा प्रखंड के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस दौरान उत्क्रमित उच्च विद्यालय मड़वा नजरा चौकी, कन्या उच्च विद्यालय गेराबारी समेत अन्य विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम तथा ध्यान सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को तनावमुक्त रखने के उपाय भी बताए गए।प्रधानाचार्य महानंद पंडित ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा विद्यार्थियों में एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास होता है।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया। विद्यालयों में "करें योग, रहें निरोग" तथा "स्वस्थ तन, स्वस्थ मन" जैसे नारों के साथ योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि स्वस्थ, निरोग और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

Post a Comment