मुरलीगंज स्थित चिल्ड्रेन फ्यूचर एकेडमी में सोमवार को लायंस क्लब मुरलीगंज उड़ान की ओर से स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन लायंस क्लब मधेपुरा के उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, जॉन चेयरपर्सन डॉ. रूपेश कुमार, लायंस क्लब उड़ान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मानव सिंह, शहर के चर्चित दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत कुमार तथा विद्यालय के निदेशक रंजीत सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य शिविर में मौजूद जनरल फिजिशियन डॉ. श्याम कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार, डॉ. रूपेश कुमार तथा मुंह एवं दांत रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत कुमार ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान छात्र-छात्राओं के ब्लड ग्रुप की जांच भी की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लायंस क्लब उड़ान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मानव सिंह ने बताया कि क्लब द्वारा लगातार जनहित के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में सैकड़ों बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों के शारीरिक विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं।
Post a Comment