Top News

कड़ी सुरक्षा के बीच निकला मुहर्रम जुलूस, जंगियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब



मुरलीगंज प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम पर्व श्रद्धा, आस्था और परंपरा के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के मस्जिद चौक से भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में विभिन्न अखाड़ों के जंगियों ने लाठी, डंडा और फरसा के साथ पारंपरिक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्गों पर जुटे रहे।

शहर के काशीपुर, रेलवे ढाला, झील चौक, मीरगंज चौक, जोरगामा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकले। सभी जुलूस मस्जिद चौक से हरिद्वार चौक, गोल बाजार, हाट बाजार, मिडिल चौक, दुर्गा चौक, महावीर चौक और गौशाला चौक होते हुए यादव हाई स्कूल मैदान पहुंचे, जहां मुहर्रम मेले का आयोजन किया गया।

जुलूस के दौरान विभिन्न अखाड़ों के जंगी अपने-अपने दल के साथ पारंपरिक युद्धक कौशल और करतबों का प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और समाजसेवी भी मौजूद रहे।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुलूस मार्ग पर जगह-जगह मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई, जबकि पुलिस लगातार गश्त करती रही।

करतब प्रदर्शन के दौरान दर्जनों जंगी मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. मेराज आलम और डॉ. शत्रुघ्न कुमार पूरी तरह अलर्ट रहे। डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।

जुलूस के कारण कुछ समय के लिए शहर में यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए।

Post a Comment

Previous Post Next Post