रौटा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 9.29 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी स्मैक बेचने की फिराक में थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बौलान लीची बगीचा में दो व्यक्ति मादक पदार्थ की बिक्री के उद्देश्य से मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 9.29 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौटा थाना क्षेत्र के आसजा गांव निवासी संजर आलम तथा बौलान गांव निवासी मो. दिलशाद के रूप में हुई है।
अपर थाना अध्यक्ष हरि प्रसाद यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण प्रहार माना जा रहा है।
Post a Comment