आगामी मोहर्रम पर्व से पहले जिला प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से बुधवार को एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। कोढ़ा प्रखंड के कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र अंतर्गत मधुरा पंचायत के महतो टोला स्थित एक किराना दुकान से पांच सूतली बम बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा तथा सभी बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महतो टोला स्थित कमला जनरल स्टोर में ठंडा पेय की कैरेट के बीच संदिग्ध वस्तु रखे होने की सूचना मिली थी। कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान एक काले प्लास्टिक में रखे पांच सूतली बम बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।
घटना की सूचना पर सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान संचालक समेत आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विस्फोटक सामग्री वहां किसने और कब रखी।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पांचों सूतली बमों को अपने कब्जे में लेकर गांव से बाहर कब्रिस्तान परिसर में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बरामद बमों के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच चल रही है। मोहर्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Post a Comment