मधेपुरा/सिटी हलचल न्यूज़
कुमारखंड प्रखंड के ईसराइन खुर्द पंचायत स्थित आदर्श ग्राम खुर्दा करुवैली में शनिवार की शाम करीब सात बजे बिहार के प्रसिद्ध सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव सह खुर्दा मेला का विधिवत उद्घाटन पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव का आयोजन मेला खुर्दा समिति के सौजन्य से संरक्षक पप्पू यादव और राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन के नेतृत्व में किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि खुर्दा मेला अब देश-दुनिया में खुर्दा महोत्सव के नाम से जाना जाएगा। यह महोत्सव इंसानियत, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। पूर्णिया और अररिया जिले की सीमा पर स्थित खुर्दा गांव में शुरू हुआ यह मेला आज गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक बनकर समाज को नई दिशा दे रहा है। महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारा, अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने लोगों से शांति और सद्भाव के साथ मेले में शामिल होकर इसका आनंद लेने की अपील की
बाढ़ के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
सांसद ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने नेपाल, असम और गुजरात को सहायता राशि दी, लेकिन बाढ़ से प्रभावित बिहार को अपेक्षित सहायता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों से मिलने के बावजूद सरकार की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार पर वादे पूरे नहीं करने और राजनीति करने के आरोप भी लगाए।
25 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव
महोत्सव 17 से 25 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 18 और 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता होगी, जबकि 20 और 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अपने दांव-पेच दिखाएंगे। 22 और 23 अक्टूबर को मुंबई के फिल्मी सितारों और भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।मेले में राम झूला, मौत का कुआं, शोभा सम्राट, सर्कस सहित मनोरंजन के कई साधनों की व्यवस्था की गई है। महोत्सव के सचिव सह संयोजक विनोद यादव ने बताया कि मेले में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। उन्होंने लोगों से जाति-पाति से ऊपर उठकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कबड्डी, कुश्ती और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने की अपील की। सांसद ने भी स्वच्छता बनाए रखने और शांतिपूर्ण आयोजन में समिति को सहयोग देने का आग्रह किया
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार यादव ने किया, जबकि महोत्सव की अध्यक्षता श्यामनंदन प्रसाद ने की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मेले के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहा और गश्त करता दिखा। स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी वरुण कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक कुमार धनंजय भी मौजूद रहे।मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष सुशील कुमार यादव, रतनदेव यादव, प्रमुख प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि रामचंद्र मंडल, दुखमोचन यादव, मनोज कुमार, मो. जमाल, मो. गिलवन, मो. इलियास, विश्वबंधु बादल, पूर्व मुखिया मो. अब्बास, अनिल बंधु, शैलेंद्र कुमार, मुकेश यादव, पिंटू यादव, गुड्डू यादव, राजीव बबलू, अनिरुद्ध प्रसाद यादव, तेज नारायण यादव, गौरव कुमार, मंटू सिंह, रणधीर कुमार, कुंदन कुमार, मुमताज आलम, नूर आलम, युवा नेता राहुल कुमार सहित महोत्सव समिति के सदस्य, सैकड़ों कार्यकर्ता और हजारों लोग उपस्थित थे।



Post a Comment