पटना से पूर्णिया जाने के क्रम में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान का कुर्सेला चौक पर लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मंत्री से विस्तार से चर्चा की।
मौके पर लोजपा (रामविलास) के एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजकिशोर पासवान ने कटिहार जिले में दलित एवं आदिवासी परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मंत्री को बताया कि भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराकर पुनर्वासित करने की सरकारी प्रक्रिया जिले में लंबे समय से बाधित है। इसके कारण हजारों परिवार आज भी भूमिहीन होकर सरकारी जमीन पर सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर और प्लास्टिक के सहारे रहने को मजबूर हैं।
राजकिशोर पासवान ने कहा कि ऐसे परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए जमीन मुहैया कराने के साथ पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाना आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में सरकार से ठोस पहल करने की मांग की।
मंत्री संजय पासवान ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इस मामले को जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष निलेश गुप्ता, मो. हलीम जाबाज, विनोद झा, परवीन कुमार, मिलन मंडल, सुबोध पासवान, रोशन राज, प्रनीत कुमार, राजेंद्र पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment