Top News

दुर्गापूजा को लेकर आबादपुर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील


आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आबादपुर थाना पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को थाना अध्यक्ष सादाब आलम के नेतृत्व में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

फ्लैग मार्च आबादपुर थाना परिसर से शुरू होकर काजीटोला, बेराखोर होते हुए आबादपुर ब्राह्मणटोला तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी के जरिए प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी तत्परता का संदेश दिया।

दुर्गापूजा के दौरान पूजा स्थलों और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। पुलिस ने लोगों से संयम बरतने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और किसी भी तरह के विवाद से बचने की अपील की।

थाना अध्यक्ष सादाब आलम ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि दुर्गापूजा का त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द कायम रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post