Top News

जीडी गोयनका स्कूल में डांडिया नाइट की धूम, डीएम ने बांटे पुरस्कार

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया। नवरात्रि के पावन अवसर पर जी.डी. गोयनका स्कूल, पूर्णिया के क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार की शाम भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। भक्ति, संस्कृति और उमंग से सराबोर इस समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट के बीच आयोजित कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली।समारोह में कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, पूर्णिया की सहायक समाहर्ता कुमुद मिश्रा (आईएएस) तथा पूर्णिया के एडीएम (विधि-व्यवस्था) राजकुमार गुप्ता सहित पूर्णिया और कटिहार के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया 


विद्यालय की निदेशक प्राचार्या पुलोमा नंदी ने स्वागत संबोधन में कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता भी दोहराई।कार्यक्रम में ड्रमजैम टीम की ऊर्जावान प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। वहीं, भगवान गणेश की वंदना, स्वागत नृत्य, शास्त्रीय गायन, खाटू श्याम बाबा की महिमा पर आधारित प्रस्तुति और महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देवी दुर्गा के शक्ति स्वरूप पर आधारित नृत्य-नाटिका के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।इस दौरान शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया


पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। अतिथियों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद डांडिया और गरबा की धूम रही। पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक संगीत की धुन पर थिरकते नजर आए। डांडिया की खनक और गरबा की लय ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। आयोजन के माध्यम से भारतीय लोक संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. पीयूष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, निदेशक राजेश अग्रवाल, अशोक शराफ, ट्रस्टी हरीश अग्रवाल, निदेशक (ऑपरेशंस) सुजीत प्रसाद, उप-प्राचार्य आर.के. दास, मध्य विभाग की शैक्षणिक समन्वयक रीचा आनंद सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रशासनिक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


Post a Comment

Previous Post Next Post