अनगढ़ थाना क्षेत्र के चंदवार कोल्हा गांव निवासी 20 वर्षीय दुखी कुमारी (पिता- स्व. बुचिया लाल) घर से निकलने के बाद लापता हो गई है। मामले में परिजनों ने अनगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, 14 जून को युवती किसी जरूरी काम की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसी रात करीब 11 बजे उसने फोन कर बताया कि वह अकेले घर से बाहर आ गई है और उसे नहीं खोजा जाए। अगले दिन सुबह उसने कोलकाता पहुंचने की जानकारी दी। वहीं 15 जून की शाम करीब 6 बजे उसने सियालदह स्टेशन से फोन कर कहा कि वह घर लौटना चाहती है। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है।
युवती का कोई पता नहीं चलने पर 16 जून को परिजनों ने थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और संभावित ठिकानों के आधार पर जांच कर रही है। मामले के अनुसंधानकर्ता सअनि सजमुल हसन पुलिस बल के साथ राज्य एवं राज्य के बाहर संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रहे हैं।
अपर थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल ने बताया कि युवती की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि युवती के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें।
Post a Comment