Top News

सड़क-पुल की मांग को लेकर आदिवासी टोला का फूटा गुस्सा, चार घंटे तक जाम रहा बेलवा-रामगंज मार्ग


पोठिया प्रखंड क्षेत्र के भासीबाड़ी आदिवासी टोला के लोगों का वर्षों से दबा आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया। सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित सैकड़ों ग्रामीणों ने बेलवा-रामगंज मुख्य सड़क स्थित बलदिया हाट चौक को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना विशेष योजना के तहत बलदिया हाट चौक से भासीबाड़ी आदिवासी टोला होते हुए खजूरबाड़ी तक सड़क निर्माण प्रस्तावित था। इससे आदिवासी टोला के सैकड़ों परिवारों को आवागमन की सुविधा मिलती, लेकिन अब सड़क का निर्माण बलदिया हाट से मिर्चानी बस्ती होते हुए शीतलपुर तक किया जा रहा है। इसी के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए।

ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी भासीबाड़ी आदिवासी टोला सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बांस की जर्जर चचरी पुल के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में बच्चों का स्कूल जाना और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से सड़क की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन जब सड़क निर्माण की बारी आई तो योजना को दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया। उन्होंने इसे आदिवासी परिवारों के साथ अन्याय बताते हुए अपने हक की सड़क बहाल करने की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बीडीओ मोहम्मद आसिफ, सीओ मोहित राज तथा पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। बाद में कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह, एसडीओ विकास कुमार एवं कनीय अभियंता उदय कुमार भी पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं।

कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि दोनों सड़कों का निर्माण कार्य एक साथ शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा तथा भासीबाड़ी आदिवासी टोला की सड़क के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। वहीं बीडीओ मोहम्मद आसिफ और सीओ मोहित राज ने ग्रामीणों की मांगों से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने और समाधान का भरोसा दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब चार घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद बेलवा-रामगंज मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। मौके पर मुखिया मेराज सहनी, अब्दुत तव्वाफ, जिला परिषद प्रतिनिधि इनामूल हक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post