पोठिया प्रखंड अंतर्गत ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की बुढ़नई पंचायत के खानकी बोदीभिठा गांव निवासी 8 वर्षीय मासूम मो. सैफ आलम की महानंदा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार से लापता बच्चे का शव घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर निचितपुर घाट के समीप बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खानकी बोदीभिठा गांव निवासी नौशाद आलम का पुत्र मो. सैफ आलम सोमवार को महानंदा नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना ठाकुरगंज थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने महानंदा नदी में सघन खोज अभियान चलाया। खोजबीन के दौरान बरचौंदी घाट के समीप नदी में एक बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पहचान होने पर मृतक की पुष्टि मो. सैफ आलम के रूप में हुई।
मासूम का शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है तथा नदी की धारा काफी तेज हो गई है। ऐसे में नदी किनारे बच्चों का जाना खतरनाक साबित हो सकता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।
Post a Comment