Top News

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई, शांति समिति में चेतावनी



आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवपदस्थापित थानाध्यक्ष अंजय अमन ने की।

बैठक में बीडीओ अहमर अब्दाली, सीओ मृत्युंजय कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीकृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान मुहर्रम के सफल आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

बीडीओ अहमर अब्दाली ने कहा कि ठाकुरगंज की पहचान भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए रही है तथा सभी समुदायों को मिल-जुलकर पर्व मनाना चाहिए। वहीं थानाध्यक्ष अंजय अमन ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर देते हुए भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुहर्रम जुलूस के दौरान अश्लील, फूहड़ एवं भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व नगर अध्यक्ष देवकी अग्रवाल, मुस्ताक आलम, कौशल किशोर यादव, शिवा यादव, निजामुद्दीन, खालिक अंसारी, किसान बाबू पासवान समेत मुहर्रम कमेटी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post