कोढ़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर जुराबगंज गांव के समीप गुरुवार को स्कॉर्पियो और यात्री ऑटो के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में 15 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो पूर्णिया से गेराबाड़ी की ओर जा रही थी, जबकि यात्रियों से भरा ऑटो गेराबाड़ी से पूर्णिया की ओर आ रहा था। जुराबगंज गांव के समीप दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई यात्री घायल हो गए।
घायलों की पहचान मड़वा निवासी आशुतोष सिंह, मुसापुर निवासी अजय कुमार, महिनाथपुर निवासी भारती कुमारी, पूर्णिया निवासी छोटी कुमारी, मोरसंडा निवासी ऋचा प्रिया, काजल कुमारी, मोहम्मद चांद, पार्वती कुमारी, सिंटू कुमार एवं पिंटू कुमार सहित कुल 15 लोगों के रूप में हुई है। शेष घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिससे एनएच-31 पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।
Post a Comment