Top News

कम उत्पादन पर किसानों का हंगामा, बीज विक्रेता पर गलत बीज बेचने का आरोप; कृषि विभाग ने शुरू की जांच


पूर्णिया जिले के भवानीपुर नगर पंचायत अंतर्गत तेलियारी गांव के दो किसानों ने मक्का की खेती में अपेक्षित उत्पादन नहीं होने पर स्थानीय बीज विक्रेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि बेहतर पैदावार के नाम पर उन्हें ऐसा बीज बेचा गया, जिससे उत्पादन उम्मीद से काफी कम हुआ और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

पीड़ित किसान रवि कुमार एवं मिठ्ठू कुमार ने बताया कि उन्होंने भवानीपुर बाजार स्थित जय अंबे ट्रेडर्स से डबल बैल ब्रांड का मक्का बीज खरीदने की इच्छा जताई थी। किसानों का आरोप है कि दुकानदार ने उन्हें डबल बैल के बजाय पायोनियर कंपनी का 1844 किस्म का मक्का बीज लेने के लिए दबाव बनाया और अधिक उत्पादन होने का भरोसा दिया। दुकानदार के आश्वासन पर उन्होंने उक्त बीज खरीदकर करीब सात बीघा भूमि में मक्का की खेती की।

किसानों के अनुसार फसल तैयार होने के बाद जब कटाई और उत्पादन का आकलन किया गया तो सात बीघा भूमि से मात्र 64 क्विंटल मक्का की उपज हुई। किसानों का कहना है कि इस क्षेत्र में सामान्य परिस्थितियों में इससे कहीं अधिक उत्पादन की उम्मीद रहती है। कम उत्पादन होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेती में लगाई गई पूंजी भी डूबने की चिंता सता रही है।

मामले की जानकारी मिलने पर पायोनियर कंपनी के प्रतिनिधि निकेश यादव किसानों के खेत पहुंचे और फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कम उत्पादन की बात स्वीकार करते हुए कहा कि बीज का नमूना जांच के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उत्पादन में कमी का कारण बीज की गुणवत्ता है या फिर खेती से जुड़ा कोई अन्य तकनीकी अथवा प्राकृतिक कारण।

इधर किसानों की शिकायत पर गुरुवार को धमदाहा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अवधेश कुमार भी भवानीपुर स्थित जय अंबे ट्रेडर्स पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान कृषि पदाधिकारी ने संबंधित बीज का नमूना उपलब्ध कराने को कहा, लेकिन दुकानदार नमूना प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर कृषि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि किसानों की शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा तथा बीज की गुणवत्ता सहित अन्य संभावित कारणों की भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पीड़ित किसानों ने कृषि विभाग एवं जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य किसान भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन किसानों की शिकायत ने क्षेत्र में बीज की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post