पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से 839.3 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन में ऊपर आम के कैरेट रखे थे, जबकि उनके नीचे भारी मात्रा में शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, 25 जून की सुबह बायसी थानाध्यक्ष शिव कुमार पासवान को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक बोलेरो पिकअप वाहन में शराब की खेप लेकर मधेपुरा की ओर जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद हररामपुर चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध बोलेरो पिकअप चालक वाहन रोककर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में ऊपर रखे आम के कैरेट हटाए गए तो उनके नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, वाहन से 1189 पीस हायवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर तथा 1360 पीस ऑफिसर्स चॉइस एलाइट व्हिस्की बरामद की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 839.3 लीटर है। सभी बोतलों पर "For Sale in West Bengal Only" अंकित पाया गया।
बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत बायसी थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन मालिक और फरार चालक की पहचान में जुटी है। साथ ही इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
Post a Comment