मुरलीगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-09 स्थित वी मार्ट मॉल के समीप रविवार की अहले सुबह एक फास्ट फूड दुकानदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड अंतर्गत धीमा सरस्वती वार्ड संख्या-03 निवासी रमेश मालाकार उर्फ बबलू (45) के रूप में हुई है। वह वी मार्ट के सामने ठेला लगाकर फास्ट फूड का व्यवसाय करते थे तथा मॉल के बगल में किराये के कमरे में खाद्य सामग्री तैयार करते थे।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह उनका शव उसी कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मृतक की पत्नी विभा देवी ने बताया कि शनिवार रात रमेश घर नहीं लौटे थे। रविवार सुबह बेटे को देखने भेजा गया, जहां उनका शव फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि कर्ज को लेकर कुछ लोग रमेश को परेशान कर रहे थे। वहीं मृतक के चचेरे भाई विकास मालाकार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर मुरलीगंज-पूर्णिया मार्ग को महावीर मंदिर के समीप जाम कर दिया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
Post a Comment