Top News

ताजिया जुलूस के साथ मुहर्रम संपन्न, अखाड़ों के करतब बने आकर्षण का केंद्र


बैसा प्रखंड के अधिकांश छोटे-बड़े कर्बला मैदानों में शुक्रवार को मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शीशाबाड़ी सहित विभिन्न कर्बला मैदानों में हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पिछले तीन दिनों से चल रहे धार्मिक आयोजनों के बाद विभिन्न गांवों से ताजिया जुलूस कर्बला मैदानों में पहुंचे, जहां दूर-दराज से आए अखाड़ों ने लाठी, तलवार, भाला समेत पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए।

कर्बला मैदानों में लगे मेले में महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ रही। लोगों ने मेले का आनंद लेने के साथ खरीदारी भी की। जुलूस निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्वक निकाला गया और परंपरा के अनुसार मुहर्रम की रस्में अदा की गईं। पूरे आयोजन के दौरान भाईचारा और सौहार्द का वातावरण बना रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी जितेंद्र पांडेय, इंस्पेक्टर अमजद अली, बीडीओ राजकुमार चौधरी, प्रभारी थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव, सीओ गोपाल कुमार, आरओ चंद्र प्रकाश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न कर्बला मैदानों का लगातार भ्रमण कर व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अधिकारियों की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रखंड के कुछ क्षेत्रों में परंपरा के अनुसार शनिवार को भी मुहर्रम का आयोजन एवं अखाड़ों का प्रदर्शन होगा, जिसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post