कुरसेला क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम पर्व इमाम हसन एवं इमाम हुसैन की याद में श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। देवीपुर, मेहरमियां टोला, बसुहार, मजदिया सहित विभिन्न गांवों से खलीफाओं के नेतृत्व में ताजिया जुलूस एवं निशान निकाले गए।
ताजिया जुलूस शहीद चौक, नेताजी चौक, थाना परिसर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज कलाबाजियों का प्रदर्शन किया। जुलूस में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवक एवं युवतियां शामिल हुए और धार्मिक आस्था के साथ अपनी सहभागिता निभाई।
मोहर्रम पर्व कर्बला के मैदान में अन्याय के विरुद्ध शहीद हुए हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कुरसेला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जबकि गश्ती दल लगातार निगरानी करते रहे।
अंचल पदाधिकारी अनुपम, थानाध्यक्ष राकेश कुमार तथा राजस्व अधिकारी उत्तम कुमार पुलिस बल के साथ निर्धारित रूट चार्ट पर नजर बनाए रखते हुए लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए दो ड्रोन कैमरों से पूरे जुलूस मार्ग एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पूरे प्रखंड में मोहर्रम पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।
Post a Comment