पूर्णिया के एसएसपी शौर्य सुमन ने गुरुवार को रौटा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। साथ ही बेहतर पुलिसिंग और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना डायरी, मालखाना, आगंतुक पंजी, शस्त्रागार एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और रिकॉर्ड संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। इसके अलावा थाना परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
इसके बाद एसएसपी ने थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती तथा वाहन जांच अभियान की समीक्षा की। उन्होंने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और गश्ती दल को अधिक सक्रिय रखने का निर्देश दिया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
एसएसपी ने कहा कि थाने में आने वाले आम लोगों एवं फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
मौके पर जितेन्द्र पांडे, अमजद अली, समीर कुमार पांडेय, प्रतिमा कुमारी, मीरा कुमारी सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Post a Comment