Top News

भारत फाइनेंस के कर्मचारी से हुई लूट मामले में 1 गिरफ्तार,3 फरार

:


रौटा थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के कर्मचारी से हुई लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड की रौटा शाखा के कर्मचारी रोशन कुमार यादव ग्रुप लोन की वसूली कर लौट रहे थे। इसी दौरान पियाजी चौक के पीछे सींकिया धार के समीप सुनसान सड़क पर तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनकी मोटरसाइकिल, सैमसंग कंपनी का टैब, मोबाइल फोन तथा डिक्की में रखे 73,862 रुपये लूट लिए थे।

इस मामले में रौटा थाना कांड संख्या 113/26 दिनांक 5 जून 2026 को बीएनएस की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बायसी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों तथा मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले ही लूटी गई मोटरसाइकिल, टैब और मोबाइल बरामद कर लिया था। आगे की कार्रवाई में पुलिस ने मो. अबू बकर उर्फ अबू (21), पिता मोइनुद्दीन, निवासी सिमलबाड़ी वार्ड संख्या-10, थाना रौटा, जिला पूर्णिया को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन, लूटी गई राशि में से 7,100 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव ने बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना के सफल उद्भेदन से क्षेत्र के लोगों में रौटा पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post