Top News

बैसा में बाढ़ तैयारियों की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने उठाई नाव, कटाव और जलजमाव की समस्याए

:


बैसा। संभावित बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर बैसा प्रखंड मुख्यालय स्थित कनकई सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

जनप्रतिनिधियों ने हरना महतो टोली (असियानी), बालूटोला, मंगलपुर हाट, शीशाबाड़ी खाड़ीटोला, मंझौक, डुमरिया तथा हरियाखाल सहित अन्य क्षेत्रों में अतिरिक्त नावों की व्यवस्था, एसडीआरएफ टीम की तैनाती, वर्षा मापी यंत्र उपलब्ध कराने, अस्पतालों में मोबाइल मेडिकल टीम बढ़ाने तथा पशुओं के लिए चारा की व्यवस्था करने की मांग रखी।

बैठक में रौटा बाजार, मालोपाड़ा बाजार, आसजा वार्ड-07 एवं रौटा पंचायत के कई वार्डों में जलजमाव की समस्या, दोमोहनी-शीशाबाड़ी पुल की जर्जर स्थिति, ध्वस्त कलवर्ट तथा खराब सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं नदी कटाव से प्रभावित क्षेत्रों की गंभीर स्थिति पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन, प्रमुख मो. शमीम अख्तर उर्फ लालबाबू, उपप्रमुख फिरोज आलम, बीडीओ राजकुमार चौधरी, अंचलाधिकारी गोपाल कुमार, बीपीआरओ चन्द्र देव प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post