गेराबाड़ी बाजार के फुटकर दुकानदारों की समस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक कविता देवी और एमएलसी अशोक अग्रवाल ने बाजार पहुंचकर दुकानदारों से मुलाकात की तथा उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुना। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि दुकानदारों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
दुकानदारों ने बाजार में स्थान की कमी, अतिक्रमण, यातायात अव्यवस्था और व्यवसाय संचालन में आ रही कठिनाइयों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। विधायक और एमएलसी ने कहा कि छोटे दुकानदार स्थानीय अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
भाजपा विधायक प्रतिनिधि रमण झा ने बताया कि पिछले माह अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान फुटकर दुकानदारों को हटाया गया था, लेकिन अब तक उनके पुनर्वास और स्थायी व्यवस्था का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही ठोस पहल की जाएगी।
वहीं पार्षद धर्मवीर चौधरी ने कहा कि स्थायी समाधान नहीं होने तक इन दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट बना रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक और एमएलसी की पहल से जल्द ही दुकानदारों के हित में कोई सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से बात कर उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद दुकानदारों में राहत और उम्मीद का माहौल देखा गया। इस मौके पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष डोमन चौधरी, मनोज ठाकुर सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में दुकानदार मौजूद थे।
Post a Comment