टेढ़ागाछ प्रखंड की भोरहा पंचायत अंतर्गत फुलबारी गांव में ग्रामीणों की सजगता से सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने साइकिल पर लादकर ले जाई जा रही छह बोरी सरकारी गेहूं के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और गरीबों के हक के अनाज की कालाबाजारी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
स्थानीय युवक मुअज्जम आरज़ू ने बताया कि इलाके में लंबे समय से सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। उनका आरोप है कि पात्र लाभार्थियों के हिस्से का अनाज अवैध रूप से बेचा जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को पूरा राशन नहीं मिल पाता।
मामले की जानकारी मिलने पर किशनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय थाना को कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीओ ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा सरकारी अनाज पकड़े जाने की सूचना के बाद पुलिस को गेहूं जब्त कर जांच करने का आदेश दिया गया।
एसडीओ के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, राजस्व कर्मचारी विशाल कुमार और अंचल लिपिक नरेश कुमार शाम करीब पांच बजे फुलबारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में छह बोरी सरकारी गेहूं को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त किया गया गेहूं किस जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलर के कोटे का था और इसे कहां तथा किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment