सदर थाना क्षेत्र के सफा नगर से लापता 17 वर्षीय नाबालिग मोहम्मद कैसर आलम की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 23 मई को परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए अपहरण एवं गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने कैसर आलम की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक के कपड़े एवं अन्य सामान बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि मंगलवार को पूर्णिया जिले के अनगढ़ थाना क्षेत्र में महानंदा नदी किनारे मिला शव कैसर आलम का हो सकता है। शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर में पोस्टमार्टम और डीएनए जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही शव की अंतिम पहचान की पुष्टि हो सकेगी।
हत्या के कारणों पर एसडीपीओ ने बताया कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे तथा शक के आधार पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
Post a Comment