मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। डीएम और एसपी के संयुक्त आदेश पर जिले के 300 से अधिक संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। कुल 350 दंडाधिकारी, 370 से अधिक पुलिस पदाधिकारी तथा करीब 1550 पुलिसकर्मी और चौकीदारों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 07 गश्ती दल और 04 त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रशासन ने पर्व से पूर्व 1429 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है, जिनमें 786 व्यक्तियों को बाउंड डाउन किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन, वाहन गश्ती और बाइक पेट्रोलिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों की निगरानी के लिए साइबर थाना और जिला सोशल मीडिया सेल को सक्रिय किया गया है।
इसी क्रम में गुरुवार को डीएम और एसपी के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
Post a Comment