रुपौली/बालमुकुन्द यादव
पूर्णियां के रुपौली प्रखंड क्षेत्र में बिरौली मिडिल स्कूल परिसर में इस साल से नए डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू हो गया है। विभागीय अधिसूचना के बाद डॉ. अनवर हुसैन ने प्रथम प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाला। सोमवार को बिरौली बाजार गणेश पूजा समिति ने नए प्राचार्य के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया।इस समारोह की अध्यक्षता गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक शशांक शेखर ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कलाधर मंडल उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद गणेश पूजा समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक कलाधर मंडल ने कहा कि वर्षों से इलाके में डिग्री कॉलेज न होने के कारण लोगों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई होती थी। विशेषकर, इंटरमीडिएट पास करने के बाद कई छात्राएं डिग्री कॉलेज के अभाव में आगे की पढ़ाई छोड़ देती थीं। उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार ने लोगों की समस्याओं को देखते हुए पूरे बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है।विधायक मंडल ने आगे कहा कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित होगा। अब वह दिन दूर नहीं जब रूपौली का नाम भी शिक्षा के क्षेत्र में राज्य के अग्रणी स्थानों में शामिल होगा। उन्होंने जोर दिया कि रूपौली के सुदूर क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में प्रतिभावान बच्चे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग नहीं कर पाते थे। अब डिग्री कॉलेज खुलने से गरीब परिवारों के छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकेंगे
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनवर हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि समारोह में अभिभावकों की उपस्थिति उनकी जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने अपील की कि वे अपने घर के उन बच्चों का नामांकन नए सत्र में करवाएं, जिन्होंने इंटरमीडिएट पास कर लिया है।मेरे तरफ से आपके बच्चों को हरसंभव बेहतर शिक्षा और संस्कार देने का प्रयास किया जायेगा ।उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि सरकार के द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले संसाधनों का कॉलेज में ईमानदारीपूर्वक उपयोग किया जायेगा ।मौके पर समारोह में उपस्थित लोगों को मुख्य पार्षद निरंजन मंडल ,उपमुख्य पार्षद इंदु देवी ,जिला पार्षद पूनम देवी ,पूर्व प्रमुख खुशेन्द्र कुमार निराला ,रामधनी त्यागी ,भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय कुमार जायसवाल ,राधेश्याम ,मनोज गुप्ता ,सिंटू जायसवाल विजय मंडल ,दयानंद जायसवाल सहित दर्जनों गण्यमान लोगो ने संबोधित किया ।



Post a Comment