जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपौली दक्षिण पंचायत के रमजानी गांव वार्ड संख्या-04 निवासी गजेंद्र मंडल (46), पिता ढोरी मंडल, बीते 03 मई 2026 की रात से लापता थे। काफी खोजबीन के बाद उनका शव बी कोठी प्रखंड क्षेत्र के दिबरा पंचायत और लतराहा पंचायत के बीच हल्दीबारी नहर के पास जंगल से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गजेंद्र मंडल की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया। परिजनों का कहना है कि मामले में कई लोगों की संलिप्तता हो सकती है तथा इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रूपेश्वरी ओपी थाना प्रभारी अनुष्का रानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रूपौली दक्षिण पंचायत के नूर सरपंच एवं बी कोठी प्रखंड के समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के पीए आदिल कुमार आरजू को दी गई। सूचना मिलने पर उन्होंने जीएमसीएच पहुंचकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू करवाने में सहयोग किया।
घटना के बाद टोला-मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Post a Comment