कटिहार। कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत गेरा बाड़ी बड़ी नहर फाटक स्थित पासवान टोला में मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत बुडको द्वारा पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से रास्ते की समस्या से जूझ रहे स्थानीय लोगों के लिए यह पुल किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।
नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया की निर्माणाधीन पुल की चौड़ाई 25 फीट तथा लंबाई 30 फीट होगी। पुल नहीं रहने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि कई बार किसी व्यक्ति की अर्थी तक घर से बाहर निकालने में दिक्कत होती थी। पुल निर्माण शुरू होने से पासवान टोला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में खुशी का माहौल है।
पुल निर्माण कार्य की कुल लागत 30 लाख 10 हजार 149 रुपये बताई गई है। इस अवसर पर नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि माननीय विधायक कविता पासवान एवं उनके संयुक्त प्रयास से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए आगे भी इसी तरह कार्य जारी रहेगा।
Post a Comment