प्रखंड के रजनी पंचायत अंतर्गत प्रताप नगर वार्ड संख्या 3 में बुधवार की शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (पति विनोद मुखिया) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि उसका मायका मधुबनी जिले के सूर्यही गांव में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सास चुनिया देवी ने बहू को बेहोश अवस्था में देखकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मेराज आलम ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार मृतका के शरीर पर, विशेषकर सिर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन गले पर संदिग्ध निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर या फांसी लगाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने बताया कि मृतका के पति विनोद मुखिया ने प्रेम विवाह किया था और वह अपने पिता के साथ बाहर काम करते हैं। घटना के समय घर में केवल सास और बहू ही मौजूद थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Post a Comment